माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद में मूल्यांकन उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मूल्यांकन केंद्र अधिकारी अरुण कुमार साहू ने उपस्थित मुख्य परीक्षकों एवं उपमुख्य परीक्षकों को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि मूल्यांकन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण, गोपनीय एवं जिम्मेदारीपूर्ण दायित्व है।
मूल्यांकनकर्ता अपने निष्पक्ष निर्णय एवं सूक्ष्म निरीक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी मूल्यांकनकर्ताओं से बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों का पालन करते हुए मूल्यांकन कार्य की विश्वसनीयता बनाए रखने की अपील की, ताकि पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के मामलों में कमी लाई जा सके।
जिससे प्रशिक्षण के अनुरूप गुणवत्ता युक्त एवं त्रुटिरहित मूल्यांकन कार्य संपादित किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान मूल्यांकन प्रक्रिया में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान गंभीर त्रुटियों से बचने, अंक प्रदान करने की सही पद्धति तथा मूल्यांकन की एकरूपता बनाए रखने संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संधारण, गोपनीयता बनाए रखने एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। मूल्यांकन केंद्र में मोबाइल फोन के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।





