देश दुनिया

ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध का बड़ा असर: आसमान छू रहे ड्राई फ्रूट्स के दाम, जानें मामरा बादाम, पिस्ता और जड़ी-बूटियों के ताजा भाव

ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव का असर रसोई के बाद बाजार तक दिख रहा है। ईरान, अफगानिस्तान और खाड़ी देशों से आने वाले ड्राई फ्रूट्स और जड़ी-बूटियों की सप्लाई प्रभावित होने से बाजार में इनके दाम तेजी से बढ़ रहे हैं।

मामरा बादाम, पिस्ता और केसर जैसे महंगे ड्राई फ्रूट्स के भाव में हाल में बड़ा उछाल दिखा। व्यापारियों का कहना है कि ईरान के बंदरगाहों पर बड़ी मात्रा में माल फंसा है। सामान्य परिस्थितियों में ईरान से भारत तक माल आने में तीन महीने का समय लग जाता है। अभी बड़ी मात्रा में माल पोर्ट पर पड़ा होने से बाजार में सप्लाई कम है। स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो शादी और त्योहारी सीजन में कीमतें बढ़ेंगी।

अफगानिस्तान का माल भी प्रभावित

अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट्स पहले पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते आते थे। लेकिन सीमा बंद होने से यह माल ईरान के रास्ते आने लगा। इनमें प्रमुख रूप से अंजीर, मुनक्का, किशमिश, पिस्ता, शाहजीरा, अनारदाना, मुलेठी और अन्य ड्राई फ्रूट्स शामिल हैं।

मामरा बादाम और पिस्ता के भाव में बड़ा उछाल

उदयपुर के किराना और ड्राई फ्रूट्स बाजार में पिछले दिनों से तेजी का माहौल है। ईरान से आने वाला प्रीमियम क्वालिटी का मामरा बादाम, जो पहले करीब 1700 से 4000 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा था, अब बढ़कर 2700 से 7000 रुपए किलो तक पहुंच गया है।

इसी तरह पिस्ता के भाव में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले बाजार में 1600 से 1700 रुपए किलो में मिलने वाला पिस्ता अब करीब 2600 रुपए किलो तक बिक रहा है।

अभी इन चीजों में आई तेजी

  • मामरा बादाम: 1700-4000 से बढ़कर 2700-7000 रुपए प्रति किलो
  • पिस्ता: 1600-1700 से बढ़कर करीब 2600 रुपए प्रति किलो
  • केसर: 250 से बढ़कर करीब 300 रुपए प्रति एक ग्राम
  • सालम पंजा/सालम मिश्री/सालम गट्टा: कीमतों में तेजी
  • अंजीर, मुनक्का, किशमिश, शाहजीरा: सप्लाई प्रभावित

इन ड्राई फ्रूट्स में भी हल्की तेजी

  • काजू- तंजानिया और अफ्रीका से कम आवक के कारण हल्का उछाल
  • अखरोट- अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण 50 से 100 रुपए किलो तक तेजी
  • खजूर- ईरान और सऊदी से कम आवक, 100-200 रुपए तक बढ़ोतरी
  • सीड्स और अन्य आयातित मसाले आने वाले समय में तेजी की संभावना

जड़ी-बूटियों में भी तेजी

ईरान से आने वाली औषधीय जड़ी-बूटियों के दाम बढ़ गए। ईरानी जड़ी-बूटियों जैसे सालम पंजा, सालम मिश्री, सालम गट्टा के भाव में भी उछाल है। इनका उपयोग आयुर्वेदिक औषधियों और पारंपरिक   में होता है।

अभी लगभग हर आयातित ड्राई फ्रूट और जड़ी-बूटी में तेजी है। ईरान से आने वाला काफी माल वहां के पोर्ट पर अटका है। तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो बाजार में स्टॉक कम होने पर कीमतें और बढ़ सकती है।
-अनिल मेहता, अध्यक्ष, श्री उदयपुर किराना एवं ड्राई फ्रूट व्यापार संघ

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button