रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक ढांचे में फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ को उनके वर्तमान पद पर ही बरकरार रखा गया है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह 2014 बैच के आईएएस कुलदीप शर्मा को कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

इसी कड़ी में 2006 बैच के आईएएस डॉ. सी.आर. प्रसन्ना को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। तीर्थराज अग्रवाल को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव बनाते हुए धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। लीना कोसम को लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर में परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है और इस पद को वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
इसी प्रकार आशीष कुमार टिकारिहा को छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सौमिल रंजन चौबे, वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल और ऋषभ कुमार पाराशर को उनके वर्तमान पदों पर यथावत रखा गया है। तरुण कुमार किरण को अस्थायी रूप से विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है और इस पद को भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष माना जाएगा।



The post छत्तीसगढ़ में आईएएस अफसरों के तबादले, कई अधिकारियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी appeared first on ShreeKanchanpath.




