मोहन नगर थाने के शांति नगर में देर रात वारदात से सनसनी
भिलाई । दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में किशोर की हत्या से सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने चाकू मारकर नाबालिग की हत्या कर दी। मृतक की पहचान नानू गोंड ( 17 वर्ष ) के रूप में हुई है। वह शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। पुलिस ने इस मामले में पांच संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। वहीं अन्य जानकारी के लिए घटना स्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक मृतक नानू शांति नगर का रहने वाला था और शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि के अवसर पर शांति नगर के शिव मंदिर के पास दो दिनों से चल रही भगवान शिव की बारात में वह नाच-गाना कर रहा था। इसी दौरान 16 फरवरी की देर शाम कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई। विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और युवकों ने चाकू निकालकर नानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट, सिर, पीठ सहित शरीर के कईं हिस्सों पर वार किया और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल नानू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले नानू का किसी युवक से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मोहन नगर थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने देर रात 4 से 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
The post दुर्ग में किशोर की हत्या, पुरानी रंजिश में चाकू गोदकर मार डाला… पांच संदिग्ध हिरासत में appeared first on ShreeKanchanpath.


