देश दुनिया

नमो भारत और सड़क मार्ग से यात्रा करेंगे पीएम मोदी; सुरक्षा, दौरा व जनसभा की तैयारियों में जुटे

22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ दौरे में करीब छह किलोमीटर की यात्रा नमो भारत/मेरठ मेट्रो से करेंगे। वहीं दो हिस्सों में करीब तीन किलोमीटर की यात्रा प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से करेंगे। इस तरह रैपिड रेल के नमो भारत और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन का प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग फाइनल हो गया है। रविवार को पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक सर्किट हाउस में हुई। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को साझा किया। जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री का मेरठ दौरा करीब दो घंटे का रहेगा।प्रधानमंत्री दिल्ली से मोहकमपुर स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। वहां से करीब 800 मीटर का सफर सड़क मार्ग से करते हुए शताब्दीनगर रैपिड स्टेशन पहुंचेंगे। वहां नमो भारत और मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। वहां से करीब छह किलोमीटर का सफर प्रधानमंत्री नमो भारत/मेरठ मेट्रो से करेंगे। इस तरह प्रधानमंत्री शताब्दीनगर से मेरठ साउथ स्टेशन पहुंचेंगे। मेरठ साउथ से सभा स्थल तक प्रधानमंत्री करीब 2.200 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से करेंगे। सभा स्थल पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12.50 बजे से 1.50 बजे तक का संभावित है। करीब दो बजे प्रधानमंत्री दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे। इस तरह प्रधानमंत्री का दौरा करीब दो घंटे का रहेगा।

बैठक में ये रहे मौजूद

ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्विनी त्यागी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, डीएम डॉ.वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

अब जनप्रतिनिधि संभालेंगे भीड़ की जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री की सभा को लेकर एक लाख की भीड़ की जिम्मेदारी अब जनप्रतिनिधि संभालेंगे। मेरठ दक्षिण विधानसभा और नगर निगम क्षेत्र में दोनों कार्यक्रम होने के कारण बड़ी जिम्मेदारी ऊर्जा राज्यमंत्री और विधायक डा.सोमेन्द्र तोमर, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी की रहेगी। मेरठ शहर, मेरठ कैंट और आसपास के जिलों की जिम्मेदारी थोड़ी कम रहेगी। बसों से सभा स्थल तक लोगों के आने-जाने की व्यवस्था रहेगी।

एक लाख लोगों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

22 फरवरी को मेरठ आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जिसमें एक लाख लोग शामिल हो सकते हैं। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भलेही जनसभा का केंद्र मेरठ होगा, लेकिन इसमें आसपास के पांच जिलों से भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। माना जा रहा है प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोग शामिल होंगे। इस रैली के जरिए प्रधानमंत्री न केवल विकास कार्यों की सौगात देंगे, बल्कि क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद भी करेंगे। 2027 का शंखनाद करेंगे। 36 ब्लॉकों में जनसभा स्थल और लोगों के पहुंचने के इंतजाम किए जा रहे हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button