आज का मौसम कैसा रहेगा (30 January 2026 ) Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega : मौसम इन दिनों अपने चरम स्तर पर है और लोग परेशानी झेल रहे हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 4 दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में तेज बारिश व बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इधर, उत्तर भारत के 5 राज्यों में तेज हवाओं के साथ एक बार फिर बारिश से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंडक महसूस होगी।
आज का मौसम कैसा रहेगा 30 जनवरी (शुक्रवार) 2026
जनवरी का महीना अपने आखिरी दौर पर है, लेकिन मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने से सर्दी का सितम बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जनवरी यानी शुक्रवार से लेकर 2 फरवरी तक एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा। वहीं, अगले 3 दिनों तक उत्तर भारतीय राज्यों यूपी, एमपी, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब गरज चमक के साथ बारिश की गतिविधियां होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कश्मीर से लेकर बिहार तक अधिकांश राज्यों में घना से अति घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट से फिर से सर्दी का एहसास बढ़ेगा।
यूपी में आज का मौसम
यूपी में 30 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में मौसम करवट ले सकता है और तेज बादलों की आवाजाही हो सकती है। 2 फरवरी तक मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी यूपी तक बारिश मौसम का मिजाज बिगाड़ सकती है। आईएमडी ने करीब 22 से 25 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इधर, दिल्ली-एनसीआर में भी 31 जनवरी से मौसम बदलेगा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश-राजस्थान का मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 31 जनवरी से 2 फरवरी तक एक बार फिर से मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां होंगी, जिसके बाद मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। इस दौरान बादलों की गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है। बारिश और हवाओं के असर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ेगी। अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने का अनुमान जताया है, जिससे कड़ाके की सर्दी के आसार बढ़ गए हैं।
बिहार में आज मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान बिहार की राजधानी पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और भोजपुर में बादलों की आवाजाही के संकेत हैं। इस दौरान गरज चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान ठनका गिरने का अलर्ट है। आईएमडी ने बताया कि अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाए रहने और सर्द हवाएं चलने से ठंडक बढ़ने का अनुमान है।
कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट
हिमालयी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आज से फिर एक बार मौसम के बदलने के संकेत हैं। खासकर, अत्यधिक बर्फबारी के कारण हिमस्खलन की संभावना बढ़ गई है, जिसको लेकर करीब 4 से 5 जिलों में चेतावनी जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जनवरी की शाम से बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी और 1 से 2 फरवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की जाएगी। आईएमडी ने अगले 3 से 4 दिन तक श्रीनगर, गांदरबल, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, सोनमर्ग और गुलमर्ग समेत कई स्थानों पर भारी बर्फबारी का अलर्ट है। प्रशासन ने किश्तवार, पुंछ, डोडा और रामबन में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। फिलहाल पूरे घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस में बना हुआ है, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। अगले 2 दिन सोनमर्ग में माइनस 12, बारामूला में माइनस 9, पहलगाम में 5, श्रीनगर में माइनस 3, कोकरनाग में माइनस 2 डिग्री, कुपवाड़ा में 4 डिग्री और अमरनाथ में माइनस 5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बना रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में आज मौसम
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय रहने से अगले 3 दिन तक राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम के बदलने के संकेत हैं। आईएमडी ने 30 से 2 जनवरी तक ऊंचाई वाले जिलों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की जाएगी। खासकर केलांग, कुफरी, शिमला, लाहौल स्पीति, कुकुमसेरी, बिलासपुर और सोलन में बारिश-बर्फबारी की संभावना। इस दौरान ज्यादातर जिलों में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान में कमी आने और लोगों को गलन वाली सर्दी महसूस होने की खबर है।
उत्तराखंड में आज मौसम
उत्तराखंड में आज से फिर एक बार मौसम के बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि रूद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और बागेश्वर समेत कई ऊंचाई वाले स्थानों पर तेज बारिश के साथ भारी बर्फबारी का अनुमान है, जबकि केदारनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री बर्फ की चादर में लिपटे नजर आएंगे। अगले 3 दिन हरिद्वार, देहरादून में बादल छाए रहने औक हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकांश जिलों में तेज शीतलहर और घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है।पंजाब में 31 जनवरी से मौसम का मिजाज फिर से बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बादल छाए नजर आएंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली कड़कने का अलर्ट है। इस दौरान अधिकांश जिलों में कोहरे के कारण दिनभर धुंध छाई रहेगी और न्यूनतम तापमान गिरेगा। वहीं, हरियाणा में शनिवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव बढ़ने से हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे और बारिश से मौसम खराब होगा। अगले कई दिनों तक सुबह घना कोहरा विजिबिलिटी प्रभावित रहेगी।




