सर्दियों के मौसम में लंच में गरमा-गरम चावल और दाल का कॉम्बिनेशन मिल जाए तो खाना खाने में मजा आ जाता है. सर्दियों के मौसम में सिंपल दाल के बजाय आप बथुआ दाल को बना सकते हैं. बथुआ के पत्तों से बनी डिशेज को लोग ठंड में खाना काफी पसंद करते हैं. आप बथुआ के पत्तों का इस्तेमाल करके स्वादिष्ट दाल तैयार कर सकते हैं. आइए इस आर्टिकल से जानते हैं बथुआ दाल बनाने की विधि.
बथुआ दाल बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
- अरहर दाल- आधा कप
- नमक- स्वादानुसार
- जीरा- 1 चम्मच
- टमाटर- 1 (बारीक कटा हुआ)
- प्याज- 1 (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
- बथुआ- 1 गुच्छा
- सूखी लाल मिर्च- 1
- अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 चम्मच
- हल्दी पाउडर- आधा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- हींग- चुटकी भर
- धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- तेल या घी- 2-3 चम्मच
- धनिया पत्ती- 2 चम्मच (बारीक कटी हुई)
बथुआ दाल को कैसे तैयार करें?
- बथुआ दाल बनाने के लिए सबसे पहले आप दाल को अच्छे से धो लें और 20 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. अब दाल को कुकर में डाल दें. इसमें आप हल्दी और नमक को डाल दें. इसके बाद आप पानी डाल दें और 3 सीटी आने तक पका लें.
- अब आप बथुआ के पत्तों को अच्छे से धोकर बारीक काट लें. कड़ाही को गर्म करें इसमें आप 2 चम्मच तेल या घी डाल दें. इसके बाद आप जीरा और हींग डाल दें. सूखी लाल मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट भूनें.
- अब हरी मिर्च और प्याज को भी डालकर पका लें. टमाटर डालकर नरम होने तक पका लें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डाल दें और अच्छे से मिला लें.
- इसमें आप बथुआ के पत्तों को डाल दें और अच्छे से पका लें. स्वादानुसार नमक डालकर मिला लें. दाल को डाल दें और इसे थोड़ी देर पका लें. ऊपर से आप धनिया पत्ती को डाल दें. स्वाद को बढ़ाने के लिए आप ऊपर से घी डाल सकते हैं. इस तरह से आप बथुआ दाल को बना सकते हैं.





