अगर आप चाय पीने के शौकीन हैं और दिन की शुरूआत से लेकर शाम की थकान मिटाने तक के बीच चाय की चुस्की लेने का कोई बहाना नहीं छोड़ते हैं तो यह खबर आपको बेहद पसंद आने वाली है। जी हां, अकसर कई बार लोग चाय अच्छी ना बनने के पीछे दूध के पतले होने को वजह मानते हैं। लेकिन अब आप पतले दूध से भी कड़क परफेक्ट चाय बनाकर तैयार कर सकते हैं। जिसका सीक्रेट सोशल मीडिया पर अर्चना ने शेयर किया है। अर्चना के इस सीक्रेट की वजह से आप साधारण सी चाय को भी किसी मशहूर टी-स्टाल जैसा गाढ़ी मलाईदार चाय बनाकर तैयार कर सकते हैं। बस आपको अपने चाय बनाने का तरीका थोड़ा सा जरूर बदलना होगा।
पतले दूध से गाढ़ी चाय बनाने का तरीका
अर्चना कहती हैं कि अगर चाय का दूध पहले से ही पतला है, तो पानी का इस्तेमाल कम से कम करें। अगर आप 2 कप चाय बनाने वाली हैं, तो 2 कप ही दूध लें और इसमें केवल आधा कप पानी डालें। जो चाय उबलने के दौरान जल जाएगा और आखिरी में चाय में शुद्ध दूध का गाढ़ापन मिलेगा। चाय को बनाने के लिए एक छोटा टुकड़ा अदरक, एक इलायची, 2 लौंग और 3 काली मिर्च कूटकर अलग रख लें। अब उबलते दूध में एक चम्मच चाय पत्ती डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद कूटे हुए मसाले भी दूध में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहे तो इसमें 2 तुलसी के पत्ते भी तोड़कर डाल सकते हैं। चाय को लो फ्लेम पर 5 मिनट उबलने दें। इसके बाद चाय में अपने टेस्ट के अनुसार चीनी मिलाएं।
मिल्क पाउडर
चाय बनाते समय मिल्क पाउडर का इस्तेमाल आपको बाजार जैसी गाढ़ी चाय का जायका दे सकता है। इसके लिए एक अलग कटोरी में पानी मिला हल्का गर्म दूध या पानी लें। उसमें एक चम्मच मिल्क पाउडर को अच्छी तरह घोलते हुए मिला लें। मिल्क पाउडर से चाय गाढ़ी हो जाएगी और चाय का स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है। जब चाय उबल रही हो, तो उसमें मिल्क पाउडर का यह घोल डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि पानी में कोई गांठ न रहे। मिल्क पाउडर पतले दूध को तुरंत गाढ़ापन और एक मलाईदार स्वाद देता है।
मिलाने की खास तकनीक
पैन में मिल्क पाउडर वाला घोल डालते समय दूसरे हाथ से करछी से चाय को लगातार चलाते रहें और दूसरे हाथ से धीरे-धीरे घोल डालें। ऐसा करने से चाय के फटने का खतरा नहीं रहता है। चाय को लगभग एक मिनट और उबालने के बाद आपकी गाढ़ी कड़क चाय बनकर तैयार हो जाएगी।





