नई दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजधानी में प्रदूषण के बिगड़े हालातों पर जनता से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनी हुई सरकार के लिए 9-10 महीनों में प्रदूषण को पूरी तरह से खत्म करना संभव नहीं है। मनजिंदर सिंह ने प्रदूषण की समस्या के लिए पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पर्यावरण मंत्री सिरसा ने कहा, ‘मैं दिल्ली के लोगों से माफी मांगना चाहता हूं और कहता हूं कि किसी भी चुनी हुई सरकार के लिए 9-10 महीनों के अंदर प्रदूषण के स्तर को पूरी तरह से कम करना संभव नहीं है।’ सिरसा ने प्रदूषण के संकट को पिछली सरकार से मिली विरासत बताया।
आप और कांग्रेस की दी हुई बीमारी: पर्यावरण मंत्री
दिल्ली सरकार के मंत्री ने पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशान साधते हुए कहा, ‘हम बेईमान आप सरकार से बेहतर काम कर रहे हैं और हमने हर दिन AQI कम किया है। प्रदूषण की यह बीमारी हमें आप ने दी है, और हम इसे ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।’दिल्ली में प्रदूषण 11 साल की आप सरकार और 15 साल की कांग्रेस सरकार की बीमारी है। राहुल और प्रियंका से सवाल करते हुए उन्होंने कहा, कि राहुल और प्रियंका जी पिछले साल आपके मास्क कहां थे? पिछले साल इस साल से अधिक प्रदूषण था।





