*वनांचल ग्राम कुमान में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन सक्रिय, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण*
*बच्चों की स्वास्थ्य जांच, पोषण और टीकाकरण पर विशेष जोर, कमजोर बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और बच्चों के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज बोड़ला विकासखंड के ग्राम कुमान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण एवं सर्वे कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव के प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य की जांच गंभीरता से की जाए, ताकि किसी भी बच्चे में बीमारी, कुपोषण या कमजोरी के लक्षण मिलने पर समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि वनांचल क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, सीएमएचओ डॉ. डीके तुरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद तिवारी, बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
*घर-घर सर्वे कर बच्चों की स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश*
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम कुमान के सभी घरों में डोर-टू-डोर सर्वे किया जा चुका है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने इस सर्वे को दोबारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर बच्चों की शारीरिक स्थिति, वजन और पोषण स्तर की जांच करे। जिन बच्चों का वजन कम है अथवा जो शारीरिक रूप से कमजोर दिखाई दे रहे हैं, उन्हें चिन्हांकित कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत परीक्षण कराया जाए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि कमजोर एवं कुपोषित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही बच्चों को समय पर उचित उपचार, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान किसी भी घर और बच्चे को छूटने न दिया जाए तथा प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए।
*दिवंगत बच्चों के परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना*
ग्राम कुमान में गंभीर बीमारी के कारण बच्चों की मृत्यु की जानकारी के बाद कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने संबंधित परिवारों से मुलाकात की और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवारों से बातचीत कर बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार से संबंधित विषयों पर जानकारी ली।
*बच्चों को निर्धारित समय पर टीके अवश्य लगवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सलाह का पालन करें*
कलेक्टर ने परिजनों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की कमजोरी या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आग्रह किया कि जिन बच्चों को अतिरिक्त पोषण और देखभाल की आवश्यकता है, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एनआरसी में ले जाएं, ताकि उन्हें विशेषज्ञों की देखरेख में उचित पोषण एवं उपचार मिल सके। उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने परिजनों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सलाह का पालन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और उपलब्ध शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में लगातार जागरूक किया जाए।
*आधार और जन्म प्रमाणपत्र के लिए गांव में लगाए जाएंगे शिविर*
कलेक्टर ने ग्राम कुमान में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से शिविर आयोजित करें और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें। आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध होने से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। प्रशासन का प्रयास है कि वनांचल क्षेत्र के लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
*पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने अतिरिक्त नल कनेक्शन के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेडा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव में पेयजल की उपलब्धता और जरूरतों का आकलन करते हुए अतिरिक्त नल कनेक्शन की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल प्राप्त करने में सुविधा हो सके। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम कुमान में जल्द ही नए नल कनेक्शन लगाए जाएंगे। इससे गांव में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
*वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य, पोषण और बुनियादी सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष ध्यान*
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम कुमान में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी की जाए। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण की स्थिति, टीकाकरण और जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही पेयजल और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।





