अगर आप हर बार वही पुराने नमकीन या चिप्स खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब स्नैक्स में बनाएं चटपटा पुदीना मखाना नमकीन. ये स्नैक्स न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. पुदीने की ताजगी, चाट मसाले के फ्लेवर और मखाने की हल्की कुरकुरा हट इसे एकदम टेस्टी बनाता है. पुदीना मखाना नमकीन का स्वाद इतना बढ़िया होता है कि एक बार खाने के बाद आप बार-बार इसे बनाना चाहेंगे. इसे बनाने में तेल बहुत कम लगता है, इसलिए ये वजन का ध्यान रखने वालों के लिए परफेक्ट रेसिपी है. आप इसे शाम की चाय या कॉफी के साथ सर्व कर सकते हैं, बच्चों के टिफिन में रख सकते हैं या सफर के लिए एक हेल्दी स्नैक्स के तौर पर पैक कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं हर टाइम के लिए मजेदार और चटपटा पुदीना मखाना स्नैक्स बनाने के बारे में.
चटपटा पुदीना मखाना नमकीन बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- मखाने – 2 कप
- पुदीना पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
- काला नमक – ½ छोटी चम्मच
- नमक – स्वाद अनुसार
- भुना जीरा पाउडर – ½ छोटी चम्मच
- चाट मसाला – ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – ¼ छोटी चम्मच (इच्छानुसार)
- तेल/घी – 1 छोटा चम्मच
- नींबू का रस – ½ छोटी चम्मच
चटपटा पुदीना मखाना नमकीन कैसे बनाएं?
- सबसे पहले एक पैन में धीमी आंच पर मखाने डालकर 5–7 मिनट तक कुरकुरे होने तक सेक लें.
- अब एक बाउल में पुदीना पाउडर, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा नमक मिलाएं.
- अब एक पैन में 1 छोटा चम्मच घी या तेल गर्म करें. उसमें भुने हुए मखाने डालें और तैयार हुए मसाले उस पर छिड़कें.
- इसके बाद इसमें नींबू का रस डालकर अच्छे से मिक्स करें, जिससे मसाला हर मखाने पर अच्छे से लग जाए.
- मखाने को पूरी तरह ठंडा होने दें. फिर एयरटाइट जार में भरकर रखें.





