मध्यप्रदेश से मुंबई का सफर अब और आसान हो रहा है। प्रदेश की राजधानी से मुंबई के लिए एक और उड़ान चालू हो रही है। भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यह नई फ़्लाइट पहली बार 1 जून को उड़ान भरेगी। इस भोपाल मुंबई फ़्लाइट का संचालन एयर इंडिया करेगी। खास बात यह है कि एयर इंडिया की इस नई फ़्लाइट में अधिकांश सीटें बुक हो चुकी हैं।
एयर इंडिया भोपाल से मुंबई के लिए अतिरिक्त उड़ान शुरू कर रहा है। यह उड़ान सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार के लिए उपलब्ध रहेगी। केंद्रीय विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया को इसकी अनुमति जारी कर दी है। राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार एयर इंडिया ने इसके लिए 1 जून से 30 जून तक शेड्यूल फाइनल कर लिया है।
डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन से मंजूर शेड्यूल के अनुसार एयर इंडिया की यह फ्लाइट शाम 6:05 बजे मुंबई से रवाना होगी और रात 7:45 बजे भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। भोपाल एयरपोर्ट से यह रात 8:15 बजे वापस मुंबई रवाना होगी। एयर इंडिया की यह फ्लाइट 10:05 बजे मुंबई पहुंच जाएगी।
मुंबई भोपाल के बीच इसके अलावा एक अतिरिक्त उड़ान शेष तीन दिनों के लिए संचालित होगी। यह उड़ान शाम 7:35 पर भोपाल आएगी एवं 8:15 पर भोपाल से मुंबई के लिए रवाना हो जाएगी।
फ्लाइट के लिए 162 सीटर एयर बस चुनी
एयर इंडिया की 1 जून से शुरु होनेवाली भोपाल-मुंबई एयर फ्लाइट की 90 प्रतिशत से ज्यादा सीटें बुक हो चुकी हैं। फ्लाइट के लिए 162 सीटर एयर बस चुनी गई जिसमें बिजनेस क्लास की 12 सीटें हैं। फ्लाइट में तुरंत बुकिंग पर किराया 9 हजार रुपए तय किया गया है।
भोपाल एयरपोर्ट से कई अन्य विमानन कंपनियां नए शेड्यूल बनाने की कवायद में लगी हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार मानसून सीजन में नए शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध हो सकती हैं।





