गर्मी के मौसम में फिर बदलाव आया है। बीते दिन 8 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली उत्तरी हवा ने दिन और रात का पारा फिर गिरा दिया। इसके असर से सुबह-सुबह हल्की ठंडक भी महसूस हुई। इससे लगातार दूसरे दिन भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तापमान 34.3 डिग्री व रात का 19.6 डिग्री रहा, वहीं एक दिन पहले यह 33.7 डिग्री व 21.5 डिग्री था। 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.6 डिग्री व रात के तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। आद्रता भी 13 फीसदी रही।
बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, पिछले कुछ दिनों से तापमान में कमी दर्ज हुई है। एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मध्य क्षेत्र में सक्रिय है। छत्तीसगढ़ के ऊपरी क्षेत्र में चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है, जिसके कारण आने वाले कुछ दिनों में दो तरफ से आ रही हवाओं का प्रभाव नजर आएगा।
1 अप्रैल: हरदा, खंडवा, बुरहानपुर में ओले गिर सकते हैं। भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, इंदौर, देवास, बड़वानी, खरगोन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश, आंधी और गरज-चमक के आसार हैं।