Blog

नगरीय निकाय चुनाव : छत्तीसगढ़ में दिख रहा उत्साह, 10 नगर निगमों में मेयर व पार्षदों का आज तय होगा भविष्य

दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने डाला वोट, कहा- मतदान अवश्य करें

भिलाई। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को पूरे प्रदेश में वोटिंग जारी है। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ और इसके साथ ही मतदाताओं में उत्साह नजर आया। प्रदेश के 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका व 114 नगर पंचायतों में महापौर-अध्यक्ष व पार्षद चुनने लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों में पहुंच रहे हैं। इस बीच प्रदेश के दिग्गजों ने भी अपने वोट दिए। नगर निगम रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर, चिरमिरी व धमतरी नगर निगम में चुनाव हो रहा है।

मंगलवार को मतदान के क्रम में दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने अपनी पत्नि रेणुका यादव और बेटे प्रखर यादव के साथ बोरसी भाठा रेलवे फाटक के पास स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें, और एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में योगदान दें।

दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने किया मतदान
दुर्ग कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने जेआरडी स्कूल के मतदान केंद्र में मतदान किया। बूथ संख्या 120 में वोट डालने के बाद वे मतदान केन्द्र के बाहर निकली और उंगली पर लगी स्याही को दिखाया। उन्होंने निगम शहर क्षेत्र के नागरिको से कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग मतदान करें। इस दौरान उन्होंने मतदान के प्रति लोगों को जागरुक भी किया। यही नहीं रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद एक्का ने भी मतदान किया।

मतदान के लिए लाइन में खड़े नजर आए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगों के साथ लाइन में लगकर सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। वहीं भाजपा प्रत्याशियों की जीत का भी दावा किया। डिप्टी सीएम अरुण साव के अलावा भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी ने भी सपरिवार पहुंचकर मतदान किया। इधर नगरीय निकाय चुनाव 2025 के तहत लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने  सह परिवार मतदान किया। सभी से  अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने और विकास के लिए मतदान करने की अपील की है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने मंगलवार को सपरिवार रायपुर नगर निगम के महापौर एवं वार्ड  पार्षद निर्वाचन के लिए  प्राथमिक शाला पुरैना मतदान केंद्र में मतदान किया।मतदान के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का  प्रयोग अवश्य करने की अपील की। यही नहीं रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने सपत्नीक फॉरेस्ट रेंज ऑफिस पंडरी के मतदान केंद्र में मतदान किया। इस दौरान मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

The post नगरीय निकाय चुनाव : छत्तीसगढ़ में दिख रहा उत्साह, 10 नगर निगमों में मेयर व पार्षदों का आज तय होगा भविष्य appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button