मौसम विभाग ने इस साल देश में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घोषणा की है कि भारत में इस साल अप्रैल से जून के दौरान औसत से अधिक गर्मी पड़ेगी। ऐसे में देश के अधिकांश राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किए जाने की आशंका है।
मौसम विभाग (Weather Department) द्वारा जारी अनुमान में बताया गया है कि गर्मी का सबसे ज्यादा प्रभाव दक्षिणी भाग, मध्य भारत, पूर्वी भारत और उत्तर पश्चिमी भागों में दिखाई देगा। इस बार मैदानी इलाकों में सबसे अधिक गर्मी पड़ सकती है। ऐसे में लोगों को अभी से ही कूलर, एसी आदि का इंतजाम कर लेना चाहिए। मौसम विभाग की ओर से देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अधिक गर्मी पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
यहां हम मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए 5 राज्यों के लिए गर्मी के पूर्वानुमान की जानकारी दे रहे हैं, तो आइये जानते हैं आपके राज्य में इस बार कितनी तेज गर्मी पड़ेगी।
राजस्थान मौसम विभाग (Rajasthan Meteorological Department) के मुताबिक 4 से 6 अप्रैल के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। इससे सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में आंशिक कमी या सामान्य के आसपास रह सकता है। 5 से 11 अप्रैल 2024 के दौरान भी प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। इस दौरान कई संभागों में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के मरूधरा से गुजर जाने के बाद से अधिकतम तापमान में फिर से तेजी आने के संकेत दिख रहे हैं। फिलहाल प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना कम है।
मध्यप्रदेश के लिए गर्मी को लेकर अलर्ट (Heat alert for Madhya Pradesh)
एमपी मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल से जून तक अधिक हीट-वेव डे की भविष्यवाणी की गई है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ भागों में दिन का तापमान सामान्य रहेगा। वहीं रात में तापमान सामान्य से अधिक नीचे रहने का अनुमान है। अप्रैल में ग्वालियर-चंबल में हीट वेव और आखिरी सप्ताह में ग्वालियर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। मध्यप्रदेश के भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुरकलां में पारा 46-47 डिग्री तक तो निवाड़ी, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, खरगोन, शिवपुरी में 45 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 15 अप्रैल के आसपास तापमान अत्यधिक हो जाएगा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में तेज गर्मी पड़ेगी, जबकि शेष इलाकों में हल्की से मध्यम गर्मी रहेगी। अप्रैल में छह दिन लू चल सकती है।
छत्तीसगढ़ के लिए गर्मी का पूर्वानुमान (Summer forecast for Chhattisgarh)
मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों पश्चिमी हवाएं आनी शुरू हो गई हैं। इसके प्रभाव से ही गर्म हवाएं आ रही हैं। विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इस साल अप्रैल के साथ ही मई व जून के महीने भी तपाने वाले होंगे। हालांकि राहत वाली बात यह है कि इस साल राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के लिए गर्मी का पूर्वानुमान (Summer forecast for maharashtra)
मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र में अप्रैल से मई के बीच अधिक गर्मी पड़ेगी। इसके अलावा यह भी अनुमान है कि राज्य में करीब 20 दिनों तक लू चलेगी। इस बीच मौसम गर्म हो जाएगा और गर्मी इतनी बढ़ जाएगी कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। मौसम विभाग ने कहा कि अप्रैल से जून के बीच लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि अप्रैल से जून के दौरान महाराष्ट्र सहित देश के कई हिस्सों में लू चलेगी। इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। महाराष्ट्र के कई भागों में 20 दिन लू चलेगी। गर्मी की लहर आमतौर पर 4 से 8 दिनों तक रहती है लेकिन इस बार यह अधिक होगी।
बिहार के लिए गर्मी का पूर्वानुमान (Summer forecast for bihar)
बिहार में 10 अप्रैल से लू चलने की संभावना है। इसके कारण लोग काफी परेशान होने वाले हैं। हवा की गति में तेजी आने से सुबह व शाम को मौसम सामान्य बना रहा। दिन में तेज धूप के कारण लोग परेशान हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव का शरीर पर प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र पटना के मुताबिक अगले दो दिनों तक मोसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। दो दिनों तक पटना सहित आसपास के इलाकों में दोपहर के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। दो दिनों के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने से गर्मी का सितम जारी रहेगा।