दुर्ग। धमधा रोड पर शनिवार की रात को दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। एक कार में चार दोस्त सवार थे और धमधा की ओर जा रहे थे। इस दौरान मेडसरा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दो की मौत हो गई। दो दोस्तों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कार में आग भी लगी और कार बुरी तरह जलकर खाक हो गई। मामला नंदिनी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी 07 बीके 7387 में सवार होकर चार दोस्त दुर्ग से धमधा की ओर जा रहे थे। शनिवार रात करीब 11.30 बजे मेडेसरा गांव के पास बने पावर ग्रिड के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के साथ ही धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने कार के भीतर से सभी को बाहर निकला। इसके बाद कार में आग लग गई।
हादसे के बाद कार से धुआं निकलने लगा और आग लग गई। पेड़ भी जल गया। हालांकि समय रहते सभी को बाहर निकाल गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर डायल 112 की टीम पहुंच गई। हादसे में अमित ताम्रकार पिता महेंद्र ताम्रकार (30) निवासी तमेरपारा दुर्ग व आदित्य कसेर पिता अशोक कसेर (33) निवासी वार्ड-13 धमधा की मौके पर ही मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर अनीश ताम्रकार और सुधांशु ताम्रकार बैठे थे जो कि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को श्री शंकराचार्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नंदिनी पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।
The post दुर्ग में बड़ा हादसा : पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, दो की मौत और दो बुरी तरह से घायल appeared first on ShreeKanchanpath.