कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक रविवार को आधीरात गर्ल्स हॉस्टल में पहुंचा और एक कमरे में घुसकर लड़कियों के अंडरगारमेंट्स चुराने लगा। लड़कियों ने विरोध किया तो उसने हमला करने की कोशिश की। इसके बाद लड़कियों की चीख निकल गई। आनन फानन में बात पुलिस तक पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला जीएनएम इंस्टीट्यूट के गर्ल्स हॉस्टल का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक रविवार रात करीब 12 बजे छत से कूदकर जीएनएम इंस्टीट्यूट के गर्ल्स हॉस्टल में पहुंचा था। हॉस्टल में नर्सिंग की पढ़ाई करने वाली करीब 85 छात्राएं मौजूद थीं। युवक नशे की हालत में था और एक-एक करके हॉस्टल के कमरों के दरवाजे खटखटाने लगा। इससे हॉस्टल में मौजूद छात्राएं डर गई और चिल्लाने लगी। इस दौरान युवक एक कमरे घुस गया और लड़कियों के अंडरगारमेंट्स उठाने लगा। लड़कियों ने विरोध किया तो उसने हमला कर दिया जिससे कुछ लड़कियों को चोट भी लगी है।
घटना की सूचना मिलने पर कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान राहुल नेम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राहुल नेम नशे की हालत में था। जब पुलिस बदमाश को ले जा रही थी तो उसने दोबारा आने की धमकी भी दी। इस पूरी घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं इंस्टीट्यूट की प्राचार्य ने बताया कि वार्डन एक दिन की छुट्टी पर गई है और उसकी जगह दूसरी वार्डन को अटैच किया गया। हालांकि घटना के समय हॉस्टल में वार्डन मौजूद नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
The post छत्तीसगढ़ में अनोखी चोरी : गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर अंडरगारमेंट चुरा रहा था बदमाश, पुलिस ने पहुंचकर पकड़ा appeared first on ShreeKanchanpath.