भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में फॉरेक्स और ट्रेडिंग की ट्रेनिंग देने वाला संस्थान खोलने तथा उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। सुपेला थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मीनल चौहान को नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार भी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अक्षय राठौर ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका कृषि व्यवसाय है तथा एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। मीनल चौहान द्वारा रायपुर स्थित करेंसी टावर, वीआईपी चौक में Finvision एवं Finvision Training Institute के नाम से फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान प्रारंभ करने तथा उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने की बात कही गई थी।
प्रार्थी के अनुसार, आरोपी के कहने पर दिसंबर 2025 से जून 2026 के मध्य संस्थान के संचालन, स्टाफ के वेतन, कार्यालय किराया, मेंटेनेंस, विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कुल 21 लाख 96 हजार 675 की राशि उपलब्ध कराई गई। इसमें से लगभग 3 लाख 33 हजार वापस किए गए तथा शेष 18 लाख 63 हजार 675 बकाया होने की शिकायत की गई। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि संस्थान के संचालन एवं ट्रेडिंग से मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर उससे राशि प्राप्त की गई। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1389/2026, धारा 318(4), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में थाना सुपेला पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए मदर टेरेसा नगर ओम शांति चौक भिलाई में रहने वाले आरोपी मीनल चौहान को नागपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस प्रकरण में थाना सुपेला के थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक गौरव दुबे एवं आरक्षक किशोर भगत की भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग, निवेश अथवा किसी भी व्यवसाय में धन लगाने से पहले संबंधित संस्था की वैधानिकता, पंजीयन एवं निवेश संबंधी शर्तों की जांच अवश्य करें। अधिक मुनाफे के प्रलोभन में आकर बिना सत्यापन के राशि हस्तांतरित न करें तथा लेन-देन के दस्तावेज, बैंक विवरण एवं अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
The post फॉरेक्स ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, 18.63 लाख की ठगी कर आरोपी नागपुर से गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.




