Blog

नहीं बिक रहा भिलाई स्टील प्लांट, अफवाहों के बीच प्रबंधन ने जारी किया स्पष्टिकरण

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने सोशल मीडिया तथा कुछ प्रिंट मीडिया प्रकाशनों में भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की योजना के संबंध में प्रसारित हो रही खबरों को असत्य एवं भ्रामक बताया है। इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इन दावों का खंडन किया है। साथ ही प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक इकाई ने भी इन खबरों को झूठा और निराधार बताया है। भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने कर्मचारियों, हितधारकों तथा छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। सभी से अनुरोध है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक एवं प्रमाणित स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य करें।

भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और औद्योगिक विरासत का अभिन्न अंग है। अपनी स्थापना के बाद से ही संयंत्र ने राज्य के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने रोजगार के अवसर सृजित किए हैं, सहायक उद्योगों को प्रोत्साहन दिया है तथा हजारों परिवारों की आजीविका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसकी गौरवशाली विरासत और उल्लेखनीय योगदान ने इसे छत्तीसगढ़ की जनता के गौरव का प्रतीक बनाया है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की एक प्रमुख इकाई के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र देश के इस्पात क्षेत्र की प्रगति तथा भारत की औद्योगिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने में निरंतर योगदान दे रहा है। जनता से अपील है कि वे सतर्कता बरतें, आधिकारिक माध्यमों से सूचनाओं की पुष्टि करें तथा ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें, जिससे कर्मचारियों, उनके परिवारों और छत्तीसगढ़ की जनता के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस पर लगाया दुष्प्रचार का आरोप

छत्तीसगढ़ बीजेपी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) की बिक्री को लेकर वायरल हो रही खबर को पूरी तरह से बेबुनियाद और अफवाह करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह कांग्रेस का दुष्प्रचार है। इस मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए भिलाई स्टील प्लांट को निजी हाथों या अडानी समूह को बेचे जाने की बातों को पूरी तरह से भ्रामक और फर्जी बताया। दूसरी ओर बीएसपी प्रबंधन ने भी सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने को लेकर फैलाई जा रही खबरों को भ्रामक बताया है।

The post नहीं बिक रहा भिलाई स्टील प्लांट, अफवाहों के बीच प्रबंधन ने जारी किया स्पष्टिकरण appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button