*दीवारों पर स्वच्छता के संदेश उकेर युवाओं ने ग्रामीणों को किया जागरूक*
*सेवा पखवाड़ा के तहत कुंडा में माय भारत यूथ वॉलंटियर्स ने चलाया अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर की दीवार पेंटिंग*
कवर्धा अक्टूबर 2026। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत माय भारत कवर्धा के युवा स्वयंसेवकों ने ग्राम कुंडा में दीवार पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान बिलासपुर रोड, कुंडा के बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता संबंधी संदेश और नारे लिखकर ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान का नेतृत्व माय भारत यूथ वॉलंटियर रोहित रजक ने किया। स्वयंसेवकों ने दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान के माध्यम से युवाओं ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से गांव को सुंदर बनाने के साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए भी प्रेरित किया जा सकता है। कार्यक्रम में गेंद राम यादव, पवन ठाकुर, कमलेश यादव सहित अन्य युवा साथियों ने सहयोग किया। माय भारत यूथ वॉलंटियर्स ने ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की अपील की।





