*वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत आत्मानंद स्कूल में जागरूकता फिल्म, चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित*
*“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों ने लिया वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संकल्प*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। वन्यजीव सप्ताह 2026 के अंतर्गत आत्मानंद इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल, कवर्धा में वन्यजीव संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वनमंडलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल के नेतृत्व एवं भोरमदेव अभयारण्य अधीक्षक श्रीमती अनिता साहू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित जागरूकता फिल्म दिखाई गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए वन एवं वन्यजीव विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं विचारों को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वन्यजीव प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की तथा वन, वन्यजीव, जैव विविधता एवं संरक्षण से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रकृति, वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने वन्यजीवों की सुरक्षा, वनों की रक्षा, जैव विविधता के संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का सेवा संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग के श्री भूपेश कौशिक, श्री सचिन राजपूत, श्री अमित वर्मा एवं श्री राजकुमार तारम द्वारा किया गया।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनके ज्ञान एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को सामाजिक दायित्व एवं जनभागीदारी से जोड़ना रहा। वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील युवा पीढ़ी तैयार करने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





