*सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर*
*जिला पशु चिकित्सालय कवर्धा में सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक होगा आयोजन, श्वान पालकों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील*
कवर्धा, सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व रेबीज दिवस एवं गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को जिला पशु चिकित्सालय कवर्धा में श्वानों के लिए निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
पशुधन विकास विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य श्वानों को रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के साथ-साथ लोगों में रेबीज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में श्वान पालक अपने पालतू श्वानों का निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण करा सकेंगे। पशुधन विकास विभाग ने जिले के सभी श्वान पालकों, पशु प्रेमियों एवं पशु कल्याण संस्थाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने श्वानों को शिविर में लाकर निःशुल्क टीकाकरण कराएं और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।





