भिलाई। दुर्ग नगर निगम कार्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार की शासकीय इनोवा कार क्रमांक सीजी 07 डीई 2417 में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा निगम कार्यालय स्थित महापौर कक्ष के ठीक बाहर पार्किंग क्षेत्र में हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, महापौर अलका बाघमार अपने स्टील कॉलोनी स्थित निवास से शासकीय इनोवा कार से निगम कार्यालय पहुंची थीं। कार को निर्धारित स्थान पर पार्क करने के बाद वे अपने कक्ष में चली गईं। इसके लगभग 15 से 20 मिनट बाद कर्मचारियों ने कार से उठते धुएं को देखा और तुरंत इसकी सूचना महापौर को दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, कार के अगले हिस्से ने भीषण आग पकड़ ली और वाहन धू-धूकर जलने लगा।घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। अ
ग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत पानी का छिड़काव शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 20 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक इनोवा कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में चूहों द्वारा अंदरूनी तारों (वायरिंग) को काट देने के कारण कार को मरम्मत के लिए वर्कशॉप भेजा गया था। हादसे के बाद महापौर अलका बाघमार ने किसी भी प्रकार की साजिश की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। उन्होंने बताया कि निवास से कार्यालय आने के दौरान गाड़ी में किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी या असामान्य बात महसूस नहीं हुई थी।
The post महापौर अलका बाघमार की सरकारी कार जलकर हुई खाक, निगम परिसर में लगी आग appeared first on ShreeKanchanpath.



