डेयरी व्यवसाय बना आत्मनिर्भरता का माध्यम
रैनू राम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार
नारायणपुर, अगस्त 2026// ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित कर किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य शासन की योजनाएं सार्थक परिणाम दे रही हैं। जिला नारायणपुर के ग्राम रेगांवड निवासी श्री रैनू राम सलाम ने डेयरी उद्यमिता विकास योजना का लाभ लेकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार पशुधन विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को लगातार तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में श्री रैनू राम सलाम को राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के तहत दो दुग्धारू गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए 93 हजार 240 रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। विभागीय अमले के सतत मार्गदर्शन, आधुनिक पशुपालन तकनीकों तथा बेहतर प्रबंधन के माध्यम से उन्होंने अपने डेयरी व्यवसाय का सफल संचालन प्रारंभ किया। वर्तमान में उनकी डेयरी इकाई में चार दुग्धारू गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 20 से 25 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। नियमित टीकाकरण, हरे चारे की व्यवस्था एवं नस्ल सुधार सेवाओं का लाभ लेकर उन्होंने दूध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की है। डेयरी व्यवसाय से उनकी मासिक आय लगभग 10 हजार रुपये से बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गई है। दूध के साथ-साथ वे दही एवं पनीर का उत्पादन भी कर रहे हैं, जिसकी स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है।
श्री रैनू राम सलाम ने बताया कि डेयरी व्यवसाय ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है तथा परिवार के पोषण स्तर में भी सुधार हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ शासन, पशुधन विकास विभाग, जिला प्रशासन नारायणपुर तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिले में पशुपालन एवं डेयरी उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक किसान एवं पशुपालक लाभान्वित होकर अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें।





