साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
नारायणपुर, अगस्त 2026// कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। कलेक्टर ने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, छात्रावास, स्वास्थ्य, राजस्व, मुआवजा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। खड़ीबहार निवासी प्रितम उर्वशा ने पुल निर्माण कार्य की राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। ग्राम पंचायत गुदाड़ी एवं जबगुण्डा के ग्रामीणों ने विद्युत स्वीकृति तथा पुलिया निर्माण की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत टेमरूगांव की ओर से द्वितीय श्रेणी सड़क निर्माण, पदनार तक मिट्टी-मुरूमीकरण, नियमित कक्षा संचालन के लिए प्रधान पाठक की नियुक्ति तथा पदस्थ प्रधान अध्यापक के विरुद्ध शिकायत संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। जनदर्शन में शिक्षा से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए। ग्राम अंजरेल के ग्रामीणों ने शिक्षक व्यवस्था, तारागांव प्राथमिक शाला में शिक्षक की व्यवस्था तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सुलेंगा की छात्राओं ने निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग रखी। जनपद सदस्य यशबती मांझी ने छात्रावास, शिक्षक क्वार्टर और स्थानीय अतिथि शिक्षक उपलब्ध कराने का आवेदन दिया।
सड़क एवं निर्माण कार्यों से संबंधित मामलों में नयापारा वार्डवासियों ने मुक्तिधाम मार्ग पर सीसी रोड तथा जर्जर गलियों में बीटी सड़क निर्माण की मांग की। ग्राम पंचायत आतरगांव ने स्वीकृत प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य के तहत पंचायत भवन के सामने नाली निर्माण तथा नवीन आंगनबाड़ी भवन की मांग रखी। ग्राम पंचायत सुलेंगा धौड़ाई ने नवीन हाईस्कूल भवन निर्माण की स्वीकृति, जबकि ग्राम पंचायत कन्हारगांव ने आहरण निर्माण की स्वीकृति का आवेदन दिया। इसी तरह ग्राम पंचायत ताड़ोपाल ने आश्रित ग्राम खड़कागांव में तीन पुलिया स्वीकृत करने तथा ताड़ोपाल एवं समीपस्थ गांवों की वास्तविक ग्राम सीमा निर्धारित करने की मांग की। ग्राम पंचायत दण्डवन ने अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत, नवीन पुलिया की स्वीकृति तथा आश्रम दण्डवन के वर्तमान अधीक्षक को हटाने संबंधी आवेदन दिया। टिमनार के ग्रामीणों ने नाउमुंजमेटा मार्ग पर निर्मित पुलिया के आवागमन को सुचारू करने के लिए मुरूम डालने तथा रेत-मिट्टी कार्य में बकाया मजदूरी भुगतान की मांग रखी।
जनदर्शन में स्वास्थ्य एवं सामाजिक हित से जुड़े आवेदन भी सामने आए। मंजुला मंडल ने कैंसर पीड़िता महिला को प्रतिमाह रायपुर अस्पताल में कीमोथेरेपी के लिए जाने हेतु बस किराया उपलब्ध कराने की मांग की। सर्व आदिवासी समाज नारायणपुर ने नवीन एवं पुराने मंडी प्रांगण में शेड/दुकानों की नीलामी में एसटी, एससी और ओबीसी समाज के लिए आरक्षण की मांग रखी। वहीं मुस्लिम जमातखाना सामुदायिक भवन की भूमि को राजस्व अभिलेख में मुस्लिम समाज नारायणपुर के नाम दर्ज करने का आवेदन भी प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा किसानों ने बेनूर जिला पंचायत क्षेत्र में उप सहकारी बैंक शाखा खोलने, ब्रेहबेड़ा के ग्रामीणों ने बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा देने तथा कुम्हली के ग्रामीणों ने बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग रखी। दिव्यांशी ध्रुव ने जाति प्रमाण पत्र, तिलेश्वरी ठाकुर ने आकस्मिक सहायक के पद पर नियुक्ति तथा सहायक शिक्षक एलबी महेन्द्र कुमार धुर्वे ने संलग्नीकरण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।





