भिलाई। पावर हाउस मार्केट से सामान खरीदकर कैलाश नगर अपने घर जाने ऑटो की सवारी करना शख्स को भारी पड़ गया। ऑटो चालक ने बीच रास्ते ऑटो रोककर अपने साथी की मदद से यात्री से लूट की और फरार हो गया। यात्री की शिकायत पर छावनी पुलिस ने धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में प्रार्थी उमाशंकर प्रसाद श्रीवास्तव ने थाना छावनी उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वह पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो क्रमांक CG 07 T 3083 से कैलाश नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान महाराणा प्रताप बरदाना दुकान के पास ऑटो चालक द्वारा ऑटो रोक दिया गया तथा उसके साथी के साथ मिलकर उसकी जेब से 2500 छीनकर दोनों फरार हो गए।
रिपोर्ट पर थाना छावनी में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुभाष चौक कैंप 1 निवासी सुलेन्दर सिंह और आरिफ खान को को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने प्रार्थी की जेब से 2500 रुपए छीनकर ले जाना स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। ऑटो चालक द्वारा प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस टीम की आरोपियों की त्वरित पतासाजी, पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यात्रा अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान एवं नगदी की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराध करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
The post ऑटो सवार से लूट : बीच रास्ते ऑटो रोककर चालक ने दिया वारदात को अंजाम, दो आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.




