*‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ पोर्टल के उन्नयन को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण*
*31 हितग्राहीमूलक योजनाओं के संतृप्तिकरण, डेटा प्रविष्टि एवं मॉनिटरिंग प्रक्रिया की दी गई जानकारी*
कवर्धा, अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आज जिला कार्यालय कवर्धा के सभाकक्ष में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ पोर्टल के उन्नयन संबंधी ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। प्रशिक्षण में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत चयनित 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं के संतृप्तिकरण, पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि, लाभार्थियों के सत्यापन, मॉनिटरिंग तथा योजनाओं की प्रगति की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को पोर्टल के प्रभावी संचालन एवं समयबद्ध डेटा अद्यतन के संबंध में आवश्यक तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा सहित जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, महतारी वंदन योजना, ई-श्रम कार्ड, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित 31 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों का संतृप्तिकरण सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा में जानकारी अद्यतन करने तथा योजनाओं के पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।




