शाम के समय की भूख को शांत करने के लिए स्नैक्स खा सकते हैं। स्नैक्स की जब बात आती है तो राजस्थानी स्नैक्स जरूर याद आते हैं। ये स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं। फिर चाहें प्याज की कचौड़ी हो, कांजी वड़ा हो या फिर कलमी वड़ा ये सभी चीजें स्वाद में बेहतरीन लगती हैं। लेकिन क्या आपने कभी राजस्थान घेरिया खाया है? नहीं, तो एक बार इसे जरूर बनाकर खाएं। शाम के समय लगने वाली हल्की भूख के लिए ये बेहतनीर स्नैक है। जो लोग तीखा या चटपटा खाना पसंद करते हैं उन्हें इस स्नैक का स्वाद यकीनन पसंद आएगा। बारिश के मौसम में घेरिया का स्वाद काफी अच्छा लगता है। ये एक कम्फर्टिंग स्नैक है। अच्छी बात यह है कि ये पूरी तरह से हेल्दी है। क्योंकि इसे बनाने के लिए ना कोई फ्राइंग प्रोसेस को फॉलो किया जाता है और ना ही बहुत ज्यादा तेल का इस्तेमाल किया जाता है। बारिश के मौसम की हल्की ठंडक वाली शाम में कुछ चटपटा खाना है तो यहां सीखिए राजस्थानी घेरिया बनाने का तरीका।
राजस्थानी घेरिया बनाने की सामग्री
राजस्थानी घेरिया बनाने के लिए आपको चाहिए एक कप छना हुआ गेहूं का आटा, तीन कप पानी, नमक स्वादानुसार, आधा छोटा चम्मच अजवायन, एक छोटा चम्मच जीरा, 3 तीखी हरी मिर्च का पेस्ट, आधा छोटा चम्मच पापड़ खार या बेकिंग सोडा, एक बड़ा चम्मच तेल, हरा धनिया।
राजस्थानी घेरिया बनाने की विधि
राजस्थानी घेरिया बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं के आटे को छन्नी से छान लें। फिर एक बड़े बर्तन का इस्तेमाल करें और उसे पानी से भर दें। फिर ताजे रंग के लिए पानी उबलने के बाद ही आधा छोटा चम्मच अजवायन, एक छोटा चम्मच जीरा, 3 तीखी हरी मिर्च का पेस्ट, आधा छोटा चम्मच पापड़ खार या बेकिंग सोडा, एक बड़ा चम्मच तेल, हरा धनिया और नमक डाल दें। उबाल आने के बाद इसमे आटा मिलाएं। आटा मिलाने के बाद नमक चेक करके एडजस्ट करें। अगर मिक्स की मात्रा थोड़ी है तो इसे 20–25 मिनट तक भाप में पकाएं। इसकी मात्रा बढ़ने पर समय भी बढ़ा दें। टेस्टी घेरिया को गरमा-गरम घी डालकर परोसें।
राजस्थानी घेरिया बनाने की टिप्स
- घेरिया का स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसके आटे में अजवाइन, कुटी काली मिर्च, जीरा या कसूरी मेथी मिला सकते हैं। हल्का चाट मसाला या काली मिर्च पाउडर मिलाने से भी इसका स्वाद और बढ़ जाता है।
- इसे गुजराती खींचू जैसा स्वाद देने के लिए गेहूं के आटे की जगह चावल के आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं।





