*स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण कार्य कराएं शुरू – कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा*
*कलेक्टर श्री वर्मा ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक*
कवर्धा, जून 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें अगले एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ समय पर मिलना प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जनपद पंचायत स्तर पर अप्रारंभ आवासों की सूची तैयार कर हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखें तथा निर्माण प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति की जानकारी प्रतिदिन अद्यतन की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने उचित मूल्य दुकानों से मई एवं जून माह के चावल वितरण की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग द्वारा बताया गया कि सभी पीडीएस दुकानों में चावल का भंडारण कर वितरण कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि निजी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले पात्र मरीजों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर लक्ष्य पूर्ति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क, आंगनबाड़ी भवन एवं छात्रावास निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण एवं पोर्टल में समय पर जानकारी अपलोड करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने व्यक्तिगत विद्युत कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल, एडीएम श्री विनय पोयाम, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैंकरा सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




