जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यहां के एसडीएम कार्यालय में अमीन पटवारी व ऑपरेटर घूस लेते गिरफ्तार किया है। दोनों ने किसान से 1 लाख 80 हजार रुपए की घूस मांगी थी। एसीबी ने इनके पास से 1 लाख 80 हजार रुपए बरामद किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रायपुरा जिला सक्ती निवासी किसान बुधराम धीवर ने 16 अक्तूबर को एसीबी इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी और उसकी बहन के नाम की ग्राम कोसमंदा (जिला जांजगीर) स्थित जमीन नेशनल हाइवे निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी। इसके एवज में अगस्त-2025 में एसडीएम कार्यालय चांपा से भू-अर्जन अधिकारी द्वारा उन्हें 35 लाख 64 हजार 99 रुपये मुआवजा राशि के रूप में उनके संयुक्त बैंक खाते में जमा की गई थी।
शिकायत के अनुसार, भुगतान के बाद भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी बिहारी सिंह और आपरेटर राजकुमार देवांगन ने किसान से कहा कि उन्होंने राशि निकलवाने में मदद की है, इसलिए उन्हें 1 लाख 80 हजार रुपये देना होगा। रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी ने दोनों को पकड़ने का प्लान बनाया।

30 अक्तूबर को प्रार्थी बुधराम को रिश्वत की रकम 1.80 लाख रुपए के साथ भेजा गया। अमीन पटवारी बिहारी सिंह ने जैसे ही रकम अपने हाथों में ली, उसी समय डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह के नेतृत्व में तैनात टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी बिहारी सिंह से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की है।
The post एसीबी की बड़ी कार्रवाई : जांजगीर-चांपा में SDM कार्यालय का अमीन पटवारी व ऑपरेटर घूस लेते गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.




