सरगुजा संभाग के सभी जिलों और रायपुर के एक दो जगहों पर हीट वेव चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 2 दिन बाद यानी 17 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी। आज रायपुर में अंधड़ चलने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।बस्तर संभाग के सभी जिलों समेत दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, पेंड्रा, बिलासपुर रायगढ़, मुंगेली जिले में हल्की बारिश हो सकती है। सूरजपुर और रायगढ़ में शुक्रवार शाम आंधी-बारिश से पेड़ टूटकर गिर पड़े। मौसम से सूरजपुर में एक महिला की मौत हो गई। वहीं रायगढ़ में बिजली का तार टूटकर गिरने से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई।
प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री अधिक रहा। रायपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक था। वहीं अंबिकापुर में दिन का मौसम 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो 6.6 डिग्री अधिक रहा।
जगदलपुर में 36.6 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। वहीं बिलासपुर में दिन का तापमान 37.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था।