Blog

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का किया उद्घाटन

एससी-एसटी उद्यमियों को बैंक ऋण, सरकारी खरीद और बाजार से जोड़ने पर दिया जोर; कचना में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय का किया शुभारंभ

रायपुर। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें देश की औद्योगिक एवं व्यावसायिक मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हुए केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। उन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से पात्र उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने तथा उन्हें कौशल विकास, सरकारी खरीद और बाजार के अवसरों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने रायपुर के कचना क्षेत्र में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) के नए कार्यालय का भी शुभारंभ किया। इस कार्यालय से छत्तीसगढ़ में योजना की पहुंच और गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है।

कॉन्क्लेव के शुभारंभ से पहले केंद्रीय मंत्री ने आयोजन स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों और उनकी सेवाओं को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले उद्यमियों से संवाद किया तथा उनके उत्पादों, व्यावसायिक गतिविधियों और उद्यमशीलता संबंधी पहलों में रुचि दिखाई। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित इस एक दिवसीय कॉन्क्लेव का उद्देश्य एससी और एसटी समुदायों में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना और मंत्रालय की विभिन्न अन्य योजनाओं एवं पहलों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इसमें केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई), बैंकों, वित्तीय संस्थानों, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम), राज्य सरकार और अन्य प्रमुख हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए श्री मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण तथा समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलने चाहिए। इसके लिए एससी और एसटी समुदायों के युवाओं को उद्यमिता अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए केवल वित्तीय सहायता पर्याप्त नहीं है। इसके साथ कौशल विकास, प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बाजार तक पहुंच और सरकारी खरीद में भागीदारी के अवसर भी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से आग्रह किया कि वे इच्छुक उद्यमियों को ऋण प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसके लिए उन्हें सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के अधिकारियों और संबंधित संस्थानों से सरकारी योजनाओं की जानकारी गांवों तथा जमीनी स्तर तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इच्छुक उद्यमियों को आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधाओं और व्यवसाय स्थापित करने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए, ताकि वे उपलब्ध अवसरों का प्रभावी ढंग से लाभ उठा सकें। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मांगने वालों के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में आगे बढ़ाना है। श्री मांझी ने शिक्षा और कौशल विकास को सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमताओं और कौशल का उपयोग कर उद्यम स्थापित करने तथा दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्यमियों से अपने अनुभव साझा करने और अन्य लोगों को भी स्वरोजगार एवं उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार एससी और एसटी समुदायों के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ में 3,971 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इस अवधि में राज्य सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की है।

श्री देवांगन ने कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति में निवेश को प्रोत्साहित करने, नए उद्योगों की स्थापना को सुगम बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने एससी और एसटी समुदायों के उद्यमियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने तथा छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न विभागों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों को उपलब्ध योजनाओं, वित्तीय सहायता, सरकारी खरीद की प्रक्रियाओं और व्यावसायिक अवसरों के बारे में जानकारी दी।

The post केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का किया उद्घाटन appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button