*मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के तत्वावधान में मनी भव्य देव दीपावली: 950 से अधिक दीपों से उकेरा ‘जय श्री राम’, हनुमान चालीसा पाठ व महाआरती में उमड़े श्रद्धालु*
सांकरा(महासमुंद)। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के तत्वावधान में नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों व नगरवासियों ने 950 से अधिक प्रज्वलित दीपों से आकर्षक रूप में ‘जय श्री राम’ उकेरकर अपनी अटूट आस्था प्रकट की। साथ ही नगर के प्राचीन जगन्नाथ मंदिर एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर को हजारों दीपों की स्वर्णिम रोशनी से सजाया गया, जिससे संपूर्ण नगर आलोकित हो उठा।
*महाआरती, हनुमान चालीसा पाठ और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंजा परिसर*
दीपदान के पश्चात जगन्नाथ मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भव्य महाआरती की। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय और गुंजायमान हो उठा। मंगलवार का पावन दिन और संगीतमय हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। इसके उपरांत भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए। इस पावन पर्व में नगर के बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में नगरवासी, माताएं और बहनें इस आयोजन की साक्षी बनीं और सभी ने दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
गरिमामयी उपस्थिति इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में मुख्य रूप से जनपद सदस्य कवलजीत सिंह छाबड़ा, जगन्नाथ मंदिर के महंत श्रीराम महाराज जी, महेश कृष्ण दास जी एवं सुरेंद्र पांडा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही सांकरा के विशिष्ट जन देवेंद्र यादव जी सागर राणा, ताम्रध्वज साहू तथा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सिमरन सिंह छाबड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संपूर्ण आयोजन को भव्य और सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल, सचिव सोनू गोयल, वरिष्ठ सदस्य पंकज अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल सहित मंच के सभी कर्मठ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।





