*
*“एक थाना–एक सप्ताह” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव पहुंचे थाना तरेगाँव जंगल।*
*थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन कर आमजन की समस्याएं सुनीं, थाने का किये निरीक्षण।*
*जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय आमजन से संवाद कर बेहतर पुलिसिंग एवं साइबर / अन्य अपराधों से बचाव के दिए निर्देश।*
कबीरधाम जिले में पुलिसिंग को अधिक जनसुलभ, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा संचालित “एक थाना–एक सप्ताह” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक- 19.11.2026 को पुलिस अधीक्षक स्वयं थाना तरेगाँव जंगल पहुंचे। इस दौरान थाना परिसर में एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन किया गया तथा थाना क्षेत्र की पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री संग्राम सिंह सहित थाने के अधिकारी, जवान एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर दिए निराकरण के निर्देश*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने थाना क्षेत्र से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने तथा आम नागरिकों को संवेदनशीलता के साथ पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*जनप्रतिनिधियों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं पर की चर्चा*
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की। प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक*
पुलिस अधीक्षक द्वारा ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक एवं ओटीपी साझा करने से होने वाली साइबर धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी देते हुए आम नागरिकों को सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में संचालित “एक थाना–एक सप्ताह” अभियान के अंतर्गत अब तक थाना सहसपुर लोहारा, थाना कुंण्डा, थाना पिपरिया, थाना पंडरिया, थाना रेंगाखार जंगल एवं थाना पांडातराई में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन किया जा चुका है। अब यह अभियान थाना तरेगाँव जंगल तक पहुंचा है।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस अधीक्षक स्वयं थाना क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों, पुलिसिंग की वास्तविक स्थिति एवं आम नागरिकों की समस्याओं को करीब से समझ रहे हैं। कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को आमजन के और अधिक निकट लाना, शिकायतों का प्रभावी निराकरण करना तथा पुलिस एवं नागरिकों के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों को सुलभ, संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।





