*थाना – पिपरिया, जिला- कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।दिनांक – 10.11.2026*
*मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी एवं हुड़दंग करने वाले साथियों के साथ सक्रिय था आरोपी संजय चन्द्राकर।*
*मोटरसाइकिल गैंग के 03 साथियों पर पूर्व में हो चुकी है कार्यवाही, 04 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के परिजनों को दी गई थी अंतिम चेतावनी।*
*जातिसूचक अपमानजनक गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार आरोपी संजय चन्द्राकर गिरफ्तार।*
*पूर्व में गिरफ्तार जयंत चन्द्राकर सहित प्रकरण के दोनों आरोपी गिरफ्तार।*
*थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, दूसरे प्रदेश फरार होने की फिराक में था आरोपी।*
कबीरधाम जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के पर्यवेक्षण में अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए जातिसूचक अपमानजनक गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले के मुख्य फरार आरोपी संजय चन्द्राकर को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में इसके पूर्व आरोपी जयंत चन्द्राकर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इस प्रकार मामले में अब तक कुल 02 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक- 27.10.2026 को प्रार्थी नितेश ध्रुव पिता नीलमणी ध्रुव, उम्र 23 वर्ष, निवासी कृतबांधा द्वारा थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी संजय चन्द्राकर एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर दांत से काटकर चोट पहुंचाई गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त घटना के बाद जब प्रार्थी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, उसी दौरान आरोपी जयंत चन्द्राकर द्वारा भी उसे जातिसूचक अपमानजनक शब्द कहकर अश्लील गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट एवं विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी जयंत चन्द्राकर का नाम भी प्रकरण में शामिल कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा आरोपी जयंत चन्द्राकर को दिनांक- 09.11.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
*मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी एवं हुड़दंग करने वाले साथियों के साथ सक्रिय था आरोपी संजय चन्द्राकर* उल्लेखनीय है कि थाना पिपरिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी एवं हुड़दंग करने वाले इसी समूह के तीन अन्य साथी मुकेश धुर्वे पिता चतुर धुर्वे, उम्र 19 वर्ष, निवासी कोयलारी, लक्ष्मण चन्द्राकर पिता जलेश्वर चन्द्राकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुआं एवं धनराज चन्द्राकर पिता रामजी चन्द्राकर, उम्र 22 वर्ष, निवासी कृतबांधा के विरुद्ध पूर्व में दिनांक 01.11.2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्यवाही कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इसी समूह में शामिल 04 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के परिजनों को समझाइश देकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के संबंध में अंतिम चेतावनी भी दी गई थी। गिरफ्तार आरोपी संजय चन्द्राकर भी इसी समूह के साथ सक्रिय रहता था तथा पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जयंत चन्द्राकर के साथ मिलकर मारपीट एवं झगड़े की गतिविधियों में शामिल रहता था।
*फरार आरोपी संजय चन्द्राकर की गिरफ्तारी एवं आपराधिक पृष्ठभूमि*
आरोपी संजय चन्द्राकर पिता कैलाश चन्द्राकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिपतरा, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम घटना के बाद से फरार था। पुलिस द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान दिनांक -10.11.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पिपरिया क्षेत्र में मौजूद है तथा अन्य प्रदेश फरार होने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी संजय चन्द्राकर के विरुद्ध थाना पिपरिया में पूर्व में भी अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत एक अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज रहा है, पुलिस विवेचना में आरोपी का जयंत चन्द्राकर के साथ सक्रिय रहना तथा क्षेत्र में मारपीट एवं झगड़े की गतिविधियों में शामिल होना सामने आया है।
आरोपी संजय चन्द्राकर को दिनांक- 10.11.2026 को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में पूर्व में जयंत चन्द्राकर तथा अब संजय चन्द्राकर की गिरफ्तारी के साथ कुल 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
*सराहनीय भूमिका-* उक्त कार्यवाही में जिले के वरिष्ठ अधिकारी गणों के दिशा निर्देश पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक-साइबर श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक श्री नितिन तिवारी एवं थाना पिपरिया तथा अजाक पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में जातिगत अपमान, मारपीट, धमकी, मोटरसाइकिल गैंगबाजी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता है।
*कबीरधाम पुलिस की आम नागरिकों से अपील*
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं युवाओं से अपील करती है कि गलत संगति, गैंगबाजी, मोटरसाइकिल पर हुड़दंग, मारपीट एवं कानून विरोधी गतिविधियों से दूर रहें। अभिभावक भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा उन्हें अनुशासन एवं कानून के प्रति सम्मान की सीख दें। किसी भी व्यक्ति को भयभीत करना, जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अथवा मारपीट एवं धमकी देना कानूनन अपराध है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिले में शांति, सद्भाव एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में कबीरधाम पुलिस का सहयोग करें।





