भिलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी मामले में भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव एक बार फिर मुसीबत में दिख रहे हैं। दरअसल इस मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने विधायक देवेन्द्र को नोटिस जारी किया है। विधायक देवेन्द्र को 5 अक्टूबर की सुबह 10:30 बजे रायपुर स्थित विशेष न्यायालय में हाजिर होने कहा गया है।
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) द्वारा जारी नोटिस में अपराध क्रमांक 03/2024 का उल्लेख किया गया है। इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं 7, 7A और 12 के साथ IPC की धाराएं 420, 120-B, 384, 467, 468 और 471 का हवाला दिया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार विवेचना पूरी होने के बाद अभियोग पत्र विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, रायपुर के सामने पेश किया जाना है। इसे देखते हुए 5 अक्टूबर को विशेष न्यायालय में विधायक देवेन्द्र यादव को उपस्थित रहने निर्देश दिए गए हैं।
जानिए क्या है कोल लेवी घोटाला
छत्तीसगढ़ का कोल लेवी घोटाला पिछली कांग्रेस सरकार के समय का है। इस मामले में 36 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ईडी का आरोप है कि कोयले के परिचालन, ऑनलाइन परमिट को ऑफलाइन करने समेत कई तरीकों से करीब 570 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध वसूली की गई है। छत्तीसगढ़ में अवैध कोल लेवी वसूली का मामला ईडी की रेड में सामने आया था। ईडी ने दावा किया है कि कोल परिवहन में कोल व्यापारियों से वसूली के लिए ऑनलाइन परमिट को ऑफलाइन कर दिया गया था। जांच के मुताबिक, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन में प्रति टन 25 रुपए की कथित अवैध वसूली की व्यवस्था का आरोप है। हालेंकि विधायक देवेंद्र यादव ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया था।
The post कोल-लेवी केस में विधायक देवेन्द्र को EOW का नोटिस…. 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी appeared first on ShreeKanchanpath.



