*कुकदुर पुलिस की बड़ी सफलता—लूट के फरार आरोपी को निजामाबाद (तेलंगाना) से किया गया गिरफ्तार।*
*पहचान छिपाकर निजामाबाद के स्टोन क्रेशर खदान में था छुपा, कुकदुर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धरदबोचा।*
*अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित को लहूलुहान कर मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूटकर हुआ था फरार।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह के दिशा-निर्देश में कबीरधाम पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुकदुर पुलिस को लूट के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक- 22.04.2026 को आहत शिकारी बैगा, पिता चारू बैगा, निवासी ग्राम चिंयाडांड, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम, छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश एवं उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के मध्य जंगल क्षेत्र में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने एवं पेशाब करने का बहाना बनाकर शिकारी बैगा से मोटरसाइकिल रुकवाई।
इसके पश्चात मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूटने की नीयत से दोनों आरोपियों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आरोपी पीड़ित की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 21/26, धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में एक आरोपी छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया जा चुका है तथा उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। वहीं दूसरा आरोपी छोटेलाल यादव निवासी ग्राम साल्हेभट्ठी, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम घटना के बाद से लगातार फरार था।
थाना प्रभारी कुकदुर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में फरार आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस टीम गठित कर लगातार पता-तलाश की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी निरंतर पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों से फरार आरोपी छोटेलाल यादव के निजामाबाद, तेलंगाना में होने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना कुकदुर पुलिस टीम तत्काल तेलंगाना रवाना हुई। वहां लगातार पतासाजी करने पर आरोपी को कोरटपल्ली, थाना डिचपल्ली, जिला निजामाबाद, तेलंगाना स्थित श्री वेंकट सांई स्टोन क्रेशर खदान में छिपा होना पाया गया।
आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर उक्त स्टोन क्रेशर खदान में छुपा हुआ था। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया तथा विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
उक्त फरार आरोपी की गिरफ्तारी में कबीरधाम जिला के वरिष्ठ अधिकारी गणों के दिशा निर्देश पर निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय एवं महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





