छत्तीसगढ़

साइबर जागृति अभियान” के तहत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल कवर्धा में विद्यार्थियों को किया गया साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक

* *

*“साइबर जागृति अभियान” के तहत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल कवर्धा में विद्यार्थियों को किया गया साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक।*

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देश पर छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत साइबर थाना जिला कबीरधाम पुलिस द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, कवर्धा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि वे अपना OTP, बैंक खाता संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड, PIN एवं अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट अथवा APK फाइल पर क्लिक या डाउनलोड करने से बचें। साथ ही अनजान नंबरों से आने वाली WhatsApp वीडियो कॉल एवं साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई।

साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने एवं आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली शिक्षकों द्वारा QR कोड स्कैन कर “साइबर जागृति अभियान” से जुड़ाव दर्ज कराया गया। वहीं विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी इस अभियान से जोड़ें तथा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करें। विद्यार्थियों को समझाया गया कि उनकी जागरूकता केवल उनके स्वयं तक सीमित न रहे, बल्कि परिवार एवं समाज तक पहुंचे, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के समस्त थाना-चौकी एवं साइबर थाना के माध्यम से “साइबर जागृति अभियान” निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजनों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button