*दामापुर स्वास्थ्य केंद्र में 26 गांवों के लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं*
*अप्रैल से जुलाई तक 6781 मरीजों का उपचार, 29 संस्थागत प्रसव सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं कराई गई मुहैया*
कवर्धा, अगस्त 2026। जिले के दामापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के 26 गांवों के ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाह्य रोगी के रूप में प्रतिदिन औसतन 50 मरीजों का उपचार किया गया तथा इस अवधि में कुल 6781 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन औसतन तीन अंतरोगी मरीजों का आवश्यक उपचार किया जा रहा है अब तक 320 अंतरोगी मरीज का उपचार किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत 94 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कुल 29 संस्थागत प्रसव भी कराए गए। दामापुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत जांच एवं उपचार की सुविधा भी दी जा रही है। क्षेत्र के 104 व्यक्तियों की क्षय रोग संबंधी जांच की गई, जिसमें चार मरीजों की पहचान की गई। इसके अलावा अन्य मरीजों की भी आवश्यकतानुसार जांच एवं उपचार किया जा रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रत्येक मंगलवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाता है। इन सत्रों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों की जांच, चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक उपचार तथा दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नियमित निगरानी की जा रही है। संबंधित विकासखंड चिकित्सा अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य प्रशासन द्वारा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दामापुर में 26 गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा भी संचालित है।





