*जिला शिक्षा अधिकारी ने इंस्पायर अवार्ड मानक एवं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस पर दिए विस्तृत दिशा-निर्देश*
कवर्धा, अगस्त 2026। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चैक, कवर्धा के सभागार में 13 अगस्त 2026 को अपराह्न 3 बजे जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा की अध्यक्षता में जिले के 350 से अधिक संकुल प्राचार्यों, संकुल शैक्षिक समन्वयकों एवं विज्ञान शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पायर अवार्ड मानक एवं 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सहायक संचालक श्री यू.आर. चन्द्राकर, श्री एम.के. गुप्ता, एमआईएस प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु तथा विकासखंड स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप राज्य स्तर से जारी विस्तृत शैक्षिक कैलेंडर के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए मूलभूत, प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर विषयवार एवं कालखंडवार गतिविधियों के सफल संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी, कार्ययोजना एवं शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निःशुल्क सरस्वती साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों के वितरण, पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, अपार आईडी, आधार, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा ने सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आलू, प्याज, जिमीकंद, शकरकंद जैसे कंद-मूल के साथ मुनगा एवं कटहल जैसे फलदार पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया, जिससे वन्य जीवों से फसलों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। साथ ही प्राथमिक कक्षाओं में पहाड़ा, बारहखड़ी, सुलेख, अनुलेखन एवं श्रुतलेखन के नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शाला सुरक्षा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में समिति गठन तथा निर्देशानुसार पॉक्सो बॉक्स की अनिवार्य स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यार्थियों से संबंधित शारीरिक अथवा मानसिक उत्पीड़न की शिकायतों पर समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता ने 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के पंजीयन से लेकर परियोजना निर्माण तक की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक श्री यू.आर. चन्द्राकर ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत प्रत्येक उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय से न्यूनतम पांच नवाचार आधारित आइडिया सिनॉप्सिस तैयार कर पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने जिले के 3,500 आइडिया अपलोड करने के लक्ष्य को 20 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।





