*कुंण्डा थाने में मध्यरात्रि को पुलिस कप्तान का औचक निरीक्षण*
*निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।*
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) ने मध्य रात्रि में थाना कुंण्डा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह एवं थाना प्रभारी निरीक्षक थाना कुंण्डा श्री अमित कश्यप भी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले का कार्यभार संभालने के पश्चात लगातार विभिन्न थाना एवं चौकियों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा अधिकारी-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर आवश्यक सुधार एवं सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थ अधिकारी एवं जवानों की उपस्थिति, रोजनामचा, ड्यूटी रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इसके साथ ही थाना परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, शासकीय आवासीय परिसर, बैरक, शासकीय वाहनों, हथियारों एवं रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था का अवलोकन कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित शिकायतों तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
श्री यादव ने अधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय बना रहना चाहिए और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तत्परता और दृढ़ता के साथ कार्य करे।
उन्होंने यह भी कहा कि थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। आमजन की सुरक्षा, समय पर सहायता एवं पुलिस के प्रति जनविश्वास बनाए रखना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




