रायपुर। आर्थिक अभाव अब प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में बाधा नहीं बनेगा। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा का अवसर दे रही है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभिभावक 12 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

योजना के तहत वर्तमान सत्र में कक्षा 5वीं उत्तीर्ण कर चुके पात्र विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के निजी आवासीय विद्यालयों में शिक्षा मिलेगी। उनकी पढ़ाई के साथ आवास, भोजन और अन्य निर्धारित खर्च का पूरा वहन मंडल करेगा।
योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें समान अवसर देना और उनके भविष्य को मजबूत बनाना है। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय ने पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, रायगढ़ तथा जनपद स्तर पर संचालित श्रम संसाधन केंद्रों से प्राप्त की जा सकती है।
The post मेधावी बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, निजी आवासीय स्कूलों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क पढ़ाई appeared first on ShreeKanchanpath.



