कवर्धा: करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक एवं सुविधायुक्त हाईटेक बस स्टैंड का शनिवार को उद्घाटन किया गया. इसी के साथ कबीरधाम जिले के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर बस स्टैंड का लोकार्पण किया.
कई साल पहले बनकर हो गया था तैयार
कवर्धा का यह हाईटेक बस स्टैंड काफी समय पहले बनकर तैयार हो चुका था, लेकिन बस स्टैंड तक पहुंचने वाले मार्ग के संकरे होने के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था. जिला प्रशासन ने इस समस्या का समाधान करते हुए मार्ग का चौड़ीकरण कराया और नई सड़क का निर्माण करवाया. इसके बाद बस स्टैंड के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया.
2018 के समापन में ही इसका निर्माण हो गया था, लेकिन इसका उपयोग पिछली सरकार ने नहीं किया. किसी को परवाह नहीं थी, पुराने विधायक को कवर्धा से स्नेह नहीं था. अब इसे फिर से दुरुस्त करके बस स्टैंड का संचालन कर रहे हैं. ऑटो चालक संघ, बस ऑपरेटर सभी इससे खुश हैं-विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही यहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी का भी निर्माण किया गया है. इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा.
कई वर्षों से जिस आधुनिक बस स्टैंड का इंतजार था, वह सपना आज साकार हो गया है. यह सुविधा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था प्रदान करेगी.– चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष
हमने बनाया है हम ही संवारेंगे
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है. हमने बनाया है हम ही संवारेंगे के लक्ष्य को हम साकार कर रहे हैं. नया बस स्टैंड जिले के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है





