देश दुनिया

ऑर्गेनिक खेती से घटेगा खाद सब्सिडी का बोझ, देश में अभियान 5 से

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा है कि 5 जून के बाद देशभर में प्राकृतिक और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। भाजपा किसान मोर्चा व पार्टी कार्यकर्ता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों को रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित करेंगे।

दरअसल, चौधरी ने टोंक में भाजपा कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर आयोजित कार्यशाला में भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान सहित स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं के साथ सुना।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने चौधरी को हल भेंट कर उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत करते हुए चौधरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसानों को ऐसी खेती के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे यूरिया और डीएपी जैसी रासायनिक खादों की जरूरत कम हो।

भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने ही किसानों की बेहतरी के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम से पहले पार्टी जिला मंत्री नीलिमा सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी सहित पार्टी नेताओं के लिए कम तेल से बने पारंपरिक और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की। छाछ, राबड़ी, लापसी, कढ़ी, दाल, दलिया, अंकुरित अनाज और हरी सलाद सहित स्थानीय व्यंजन परोसे गए।

आमेरा ने कहा कि कम खर्च में स्वादिष्ट, सुपाच्य और स्वास्थ्यवर्धक भोजन ही भारतीय पारंपरिक खानपान की पहचान है। कार्यशाला के दौरान देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री रेवत सिंह राजपुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, गणेश माहुर, नरेश बंसल, जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, जिला मंत्री नीलिमा आमेरा, शंकर वजीरपुरा, तरुण टिक्किवाल, मीडिया प्रभारी कमलेश यादव, शिवजी लाल चौधरी सरोली मौजूद रहे।

आरएलपी सुप्रीमो व सांसद हनुमान बेनीवाल के मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल को लेकर दिए हालिया विवादित बयान पर पूछे गए सवाल पर कैलाश चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी होती है कि वे अपने संस्कार और मर्यादा का ध्यान रखें। बेनीवाल की सुरक्षा में कथित कटौती पर चौधरी ने कहा कि किसी के प्रति द्वेषभाव से कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने की घटना पर चौधरी ने कहा कि कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई है। नौटंकी कहना उनकी आदत : पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा साइकिल यात्रा को नौटंकी बताने पर चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हर जनहित का काम नौटंकी ही नजर आता है। कांग्रेस ने किसान को गरीब दिखाया : चौधरी ने कहा कि भारत में खेती हमेशा समृद्धि का आधार रही है। कांग्रेस ने किसानों की छवि गरीब और लाचार के रूप में प्रस्तुत की। उन्हें पीछे रखने का काम किया।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button