देश दुनिया

सरकारी स्कूल में पढ़कर बने ट्राईसिटी टॉपर, 99.4% लाने वाले कांस्टेबल के बेटे अनूप सैनी ने बताया कामयाबी का फॉर्मूला

चंडीगढ़ :सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में इस बार चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल के छात्र अनूप सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. खास बात ये है कि अनूप एक कांस्टेबल के बेटे हैं और उन्होंने अपनी मेहनत से ना सिर्फ परिवार बल्कि पूरे ट्राई सिटी का नाम रोशन किया है.

सरकारी स्कूल में पढ़कर बने ट्राईसिटी टॉपर :अनूप जीएमएसएसएस सेक्टर-35 के छात्र हैं. रिजल्ट आने के बाद स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है. घर पर लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. अनूप सैनी ने बताया कि मेरे पास पढ़ाई करने के अलावा ज़्यादातर काम नहीं होता था जिसका नतीजा है कि मैंने अपने सभी सब्जेक्ट को फ़ोकस देते हुए कम्पलीट किया. मेरा मक़सद आगे जेईई कर मैकेनिकल इंजीनियर बनना है. मेरे जैसे हर एक छात्र को हमेशा अपने स्कूल की तरफ़ ध्यान केंद्रित रखना चाहिए तभी हम अपनी हर एक गोल को पा सकते हैं.

कामयाबी का फॉर्मूला :अनूप ने बताया कि उन्होंने नियमित पढ़ाई और टाइम मैनेजमेंट पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया. सोशल मीडिया और फोन से दूरी बनाकर उन्होंने अपना पूरा फोकस पढ़ाई पर रखा. उनका कहना है कि सरकारी स्कूल में पढ़कर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं, बस मेहनत और लगन जरूरी है.

कांस्टेबल पिता ने क्या कहा ?:अनूप के पिता, जो चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल हैं, बेटे की इस सफलता से बेहद भावुक नज़र आए. उन्होंने कहा कि बेटे ने पूरे परिवार की मेहनत सफल कर दी. उन्होंने बताया कि ड्यूटी के बावजूद हमेशा बेटे को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया. पिता फूल राम ने बताया कि कॉन्स्टेबल की जॉब ऐसी है कि हमें कई दिनों तक घर आने का मौक़ा तक नहीं मिलता. लेकिन अनूप की सारी पढ़ाई का श्रेय उसकी मां को जाता है, जिसने दिन रात उसकी पढ़ाई में मदद की है. अनूप की मां रानी ने बताया कि बच्चों को हमेशा अपनी पढ़ाई पर ही ध्यान केंद्रित रखना चाहिए ताकि वे अच्छे स्कोर ला सके जैसा कि उनके बेटे अनूप ने किया है.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button