नई दिल्ली। भारत दुनिया का सबसे बड़ा आम उत्पादक देश है। भारत की वैश्विक आम उत्पादन में 40-45% हिस्सेदारी है। देश का सालाना आम उत्पादन लगभग 20-25 मिलियन टन है। मगर क्या आप जानते हैं कि भारत के सबसे बड़े आम के बगीचा का मालिक कौन है? आइए बताते हैं।
मुकेश अंबानी हैं सबसे बड़े आम के बगीचे के मालिक
मुकेश अंबानी, जो पेट्रोलियम, टेलीकॉम और रिटेल सेक्टर्स में फैले अपने विशाल कारोबारी एम्पायर के लिए जाने जाते हैं, ने कृषि क्षेत्र में भी एक आश्चर्यजनक, मगर महत्वपूर्ण छाप छोड़ी है। उनकी लीडरशिप में, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड आमों की दुनिया की सबसे बड़ी निर्यातक बन गई है। इतना ही नहीं रिलायंस के पास ही भारत का सबसे बड़ा आम का बगीचा है।
1.50 लाख से ज्यादा पेड़ों का घर
मुकेश अंबानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के जरिए, भारत के सबसे बड़े आम के बाग के मालिक हैं, जिसे ‘धीरूभाई अंबानी लखीबाग अमराई’ के नाम से जाना जाता है। गुजरात के जामनगर में स्थित, यह विशाल 600 एकड़ का फार्म 1.5 लाख (150,000) से ज्यादा आम के पेड़ों का घर है।
यहाँ अल्फांसो और केसर जैसी 200 से ज्यादा किस्में उगाई जाती हैं और इसे भारत के सबसे बड़े के अलावा दुनिया के सबसे बड़े आम के बागों में से एक माना जाता है।
29 साल पहले हुई थी शुरुआत
इस सफर की शुरुआत 1997 में हुई, जब रिलायंस को गुजरात में अपनी जामनगर रिफाइनरी में प्रदूषण की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा। पर्यावरण को लेकर बढ़ती चिंताओं और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चेतावनियों के जवाब में, रिलायंस ने रिफाइनरी के आस-पास की बंजर जमीन को आमों के हरे-भरे बाग में बदलने का फैसला किया।
इस पहल का मकसद प्रदूषण को कम करना और साथ ही औद्योगिक क्षेत्र के आस-पास एक टिकाऊ ‘ग्रीन बेल्ट’ तैयार करना था।
बादशाह अकबर से क्या है कनेक्शन?
इस बाग का नाम 16वीं सदी में मुगल बादशाह अकबर द्वारा बनवाए गए ऐतिहासिक ‘लखीबाग’ से प्रेरित है। रिलायंस ने बाग को साफ पानी मुहैया करने के लिए एक डीसैलिनेशन प्लांट लगाया, जिससे उस इलाके में प्रदूषण का स्तर काफी कम हो गया।
कितना होता है प्रोडक्शन और कमाई?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बाग से रिलायंस सालाना 600 टन से अधिक आमों का एक्सपोर्ट करती है। वहीं कंपनी इस बाग से हर साल 11000 करोड़ रुपये से अधिक का रेवेन्यू जनरेट करती है।





