स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का मामला, एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर बचाई जान
भिलाई। बटालियन स्थित एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार को खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एसटीएफ के जवान की पत्नी व उसके 9 साल के बेटे की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस पूरी वारदात को एक महिला ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है महिला सुबह लगभग 7:30 से 8 बजे के बीच घर में घुसी और एसटीएफ जवान पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि 2 बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बेटी को भी चाकू लगा है, जिसने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। यह पूरा मामला सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर एसटीएफ में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव अपने तीन बच्चो आदित्य यादव व दो बेटियों के साथ एसटीएफ कॉलोनी बी ब्लॉक के डी-15 में रहती है। आरक्षक ललितेश यादव 15 दिन की छुट्टियां लेकर घर आया हुआ था। शनिवार की सुबह पति ललितेश यादव टिकट रिजर्वेशन कराने गया था इस बीच 25 वर्षीय सरोजनी भारद्धाज घर में घुसी आर धारदार चाकू से रीना यादव और बच्चों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। हमले में बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
जब सरोजनी हमला कर रही थी उस दौरान रीना यादव ने अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। एक बेटी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बाथरूम में छिप गई। सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर उसे बांधा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपिया को हिरासत में लिया और रीना यादव व बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। रीना यादव की अस्पताल में मौत हो गई। वहीं दोनों बेटियों नैना व सान्या का इलाज चल रहा है।
एक दिन पहले भी घर पहुंची थी आरोपिया
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच व पूछताछ में पता चला है कि आरोपिया सरोजनी भारद्धाज एक दिन पहले यानी शुक्रवार को घर पहुंची थी। उस समय आरक्षक ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। बताया जा रहा है कि सरोजनी जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। सीएसपी तिवारी ने यह भी बताया कि आरोपिया एसटीएफ जवान की परिचित है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इधर आसपास के पड़ोसियों में चर्चा है कि आरक्षक और आरोपी महिला के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था। आरक्षक का महिला से अफेयर है और कुछ लोगों ने शादी होने की बात भी कह दी। यही नहीं आरक्षक ने ही महिला को दुर्ग में घर लेकर रखवाया था।
The post भिलाई में एसटीएफ जवान की पत्नी व 9 साल के बेटे की हत्या, महिला ने घर में घुसकर किया हमला appeared first on ShreeKanchanpath.





