एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, कुछ ही घंटों में शव बरामद
भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में गुरूवार को शिवनाथ के बासिन डैम में डूबने से नाबालिग की मौत हो गई। नाबालिग किशोर यहां नहाने पहुंचा था और इस दौरान गहराई में चला गया। घटना की सूचना के बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद नाबालिग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 16 वर्षीय टुकेश साहू निवासी ग्राम बासिन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार टुकेश साहू गुरूवार की सुबह बासिन क्षेत्र के डैम में नहाने पहुंचा। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से जिला सेनानी दुर्ग द्वारा एसडीआरएफ की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को तत्काल आवश्यक बचाव उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट एवं सर्च हुक की मदद से नदी के गहरे जलक्षेत्र में खोजबीन शुरू की। प्रतिकूल परिस्थितियों और जलस्तर की चुनौतियों के बीच डिप डाइविंग कर सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया। टीम के कुशल गोताखोर राजकुमार यादव ने शव को बाहर निकाला। बरामदगी के पश्चात शव को अग्रिम वैधानिक व पंचनामा कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
The post शिवनाथ के बासिन डैम में डूबने से नाबालिग की मौत, नहाने पहुंचा था… गहराई में समाया appeared first on ShreeKanchanpath.

