रायपुर। मास्टर ब्लास्ट सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दौरें पर रहेंगे। सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम इंद्रावती नदी के किनारे बसे छिंदनार गांव में प्रस्तावित है, जहां वे स्थानीय बच्चों और ग्रामीणों के बीच समय बिताएंगे। इस दौरान बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। सचिन के दौरे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे।

सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के माध्यम से यह विशेष पहल की जा रही है। यह लंबे समय से दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्रों में खेल और शिक्षा को बढ़ावा देने का काम कर रही है। खासतौर पर उस समय यह प्रयास शुरू किया गया था, जब बस्तर क्षेत्र नक्सल समस्या से जूझ रहा था। अब हालात बेहतर होने के बाद सचिन का यह दौरा स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
हाल ही में फाउंडेशन की टीम ने भी छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटी सारा व बहू भी साथ पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के पास स्थित दूरस्थ गांवों में जाकर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इसके अलावा बिलासपुर के गनियारी स्थित जन स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से मुलाकात कर जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया गया।
The post छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे मास्टर ब्लास्टर तेंदुलकर, बच्चों के साथ खेलेंगे क्रिकेट… सीएम साय रहेंगे मौजूद appeared first on ShreeKanchanpath.



