दुर्ग। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा रविवार को दुर्ग जिले के पाटन विकास खंड के ग्राम जामगांव (एम) में चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज दुर्ग राज के 56 वें वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दुर्ग ग्रामीण विधायक तथा प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर भी अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का गौरवशाली अतीत रहा है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे समाज के पुरोधाओं ने देश को दिशा दिखाई है। गृह मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि समाज के सामाजिक संगठन की मजबूती के लिए ऐसे अधिवेशन होते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मैं अपने आप को कुर्मी समाज के बीच पाकर कृतज्ञ हुआ हूं। अधिवेशन में समाज की महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अवगत कराया कि महिलाओं की प्रतिभा को स्थान व सम्मान दिलाने देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के मंशा के अनुरूप विधान सभा एवं लोक सभा तथा अन्य सभी जगह महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने आगामी 16, 17 एवं 18 तारीख को संसद का विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
गृह मंत्री शर्मा ने बस्तर सहित छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त राज्य बनाने का श्रेय जवानों को देते हुए बस्तर में शांति स्थापना पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री शर्मा ने अपने कर कमलों से समाज की उन्नत कृषक श्रीमती पूजा चंद्राकर, सफल व्यवसायी विनोद चंद्राकर और कलाकार पप्पू चंद्राकर को समाज की ओर से साल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने समाज की मांग पर सामाजिक भवन जामगांव (एम) में डोम शेड और मंच निर्माण तथा ग्राम तर्रा में कुर्मी सामाजिक भवन हेतु 12 लाख रुपए की घोषणा की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और संगठन दोनों आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयास से हर कार्य संभव होता है। वहीं समाजिक जागरूकता के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। उन्होंने समाज के विकास के लिए माताओं एवं बहनों को आगे आने का आह्वान किया। चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के केन्द्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
The post चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा appeared first on ShreeKanchanpath.





